ऑरेंज सिटी आइकॉन अवॉर्ड 2026 से डॉ. मनीषा ठाकरे सम्मानित
नागपूर ( दि. 1 ऑगस्ट 2026 ) सामाजिक, शैक्षणिक और जनसेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करने वाली ग्लोबल इंटरनेशनल फाउंडेशन टीम की संस्थापक अध्यक्ष डॉ. मनीषा ठाकरे को प्रतिष्ठित ऑरेंज सिटी आइकॉन अवॉर्ड 2026 से सम्मानित किया गया। यह सम्मान नागपुर के अमृत भवन हॉल में आयोजित भव्य समारोह में सामाजिक, राजनीतिक, शैक्षणिक और सांस्कृतिक क्षेत्र के अनेक गणमान्य व्यक्तियों की उपस्थिति में प्रदान किया गया।
इस सम्मान की विशेष बात यह रही कि यह पुरस्कार वरिष्ठ समाजसेवी, पद्मभूषण बाबा आमटे और मंदाताई आमटे के सहयोगी तथा इन्फेंट इंडिया संस्था के संस्थापक दत्ता बर्गने एवं श्रीमती संध्या बर्गने के हाथों प्रदान किया गया। आदिवासी समाज और एचआईवी से प्रभावित बच्चों की सेवा में लगभग पाँच दशकों से समर्पित इस समाजसेवी दंपत्ति के हाथों सम्मान प्राप्त करना डॉ. मनीषा ठाकरे ने अपने जीवन का अत्यंत प्रेरणादायक और गौरवपूर्ण क्षण बताया।
इस अवसर पर डॉ. मनीषा ठाकरे ने कहा कि उन्हें पद्मभूषण बाबा आमटे से प्रत्यक्ष मिलने का सौभाग्य नहीं मिला, लेकिन उनके सहयोगियों के हाथों यह सम्मान प्राप्त करते समय उन्हें ऐसा महसूस हुआ मानो स्वयं बाबा आमटे ने उन्हें सम्मानित किया हो। उन्होंने कहा कि यह पुरस्कार उन्हें समाजसेवा के क्षेत्र में और अधिक जिम्मेदारी तथा समर्पण के साथ कार्य करने की प्रेरणा देता है।
डॉ. मनीषा ठाकरे के नेतृत्व में ग्लोबल इंटरनेशनल फाउंडेशन टीम शिक्षा, स्वास्थ्य, महिला सशक्तिकरण, युवाओं को रोजगार मार्गदर्शन, जरूरतमंद विद्यार्थियों को शैक्षणिक सहायता, रक्तदान शिविर, स्वास्थ्य जांच शिविर तथा अनेक जनकल्याणकारी कार्यक्रमों का सफलतापूर्वक संचालन कर रही है।
उन्होंने समाज के अधिक से अधिक जरूरतमंद लोगों तक सहायता पहुँचाने का संकल्प दोहराया और कहा कि शिक्षा, स्वास्थ्य, अन्याय, अत्याचार, भ्रष्टाचार के विरुद्ध जागरूकता, महिला सशक्तिकरण तथा सामाजिक विकास के माध्यम से संस्था निरंतर समाजहित में कार्य करती रहेगी।
अमृत भवन हॉल में आयोजित इस समारोह में सैकड़ों सामाजिक कार्यकर्ता, विभिन्न संस्थाओं के पदाधिकारी, गणमान्य अतिथि और नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

































































































































































































































































































































































































































































































